हरिद्वार में CM ने किया आनंद धर्मशाला का लोकार्पण, बोले श्रद्धालुओं के लिए बनेगी बड़ी सुविधा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को हरिद्वार में आनंद धर्मशाला ट्रस्ट द्वारा निर्मित एक धर्मशाला का उद्घाटन किया। इस अवसर पर बोलते हुए, सीएम ने कहा कि क्षत्रिय कलौता समुदाय ने अपनी लगन, साहस और मूल्यों के बल पर राष्ट्र-निर्माण और सामाजिक उत्थान में निरंतर एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इस समुदाय के सदस्यों ने कृषि, व्यापार, शिक्षा, समाज सेवा और राष्ट्रीय सुरक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
हरिद्वार में CM ने किया आनंद धर्मशाला का लोकार्पण
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भारतीय सेना, केंद्रीय आर्म्ड पुलिस बल और अन्य सुरक्षा बलों में सेवाएं देकर समाज के वीर सपूत राष्ट्र की सीमाओं और आंतरिक सुरक्षा को मजबूत बना रहे हैं। सीएम ने आनंद धर्मशाला ट्रस्ट द्वारा धार्मिक जागरण, सांस्कृतिक संरक्षण और मानव कल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि आनंद धर्मशाला सेवा, समर्पण और परोपकार की भावना का सजीव प्रतीक है।
भारत की सनातन संस्कृति का प्रवेश द्वार है हरिद्वार: CM
सीएम ने कहा कि हरिद्वार भारत की आध्यात्मिक चेतना और सनातन संस्कृति का प्रवेश द्वार है, जहां देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु मां गंगा की गोद में आस्था और आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव करते हैं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए धर्मशाला का निर्माण पुण्य और सराहनीय कार्य है। यह चारधाम यात्रा और आगामी कुंभ मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के लिए उपयोगी सिद्ध होगी।
कुंभ को भव्य और सुरक्षित बनाने के लिए कार्य कर रही सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले हरिद्वार कुंभ को भव्य, दिव्य और सुरक्षित बनाने के लिए राज्य सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि घाटों के पुनरुद्धार, सड़क व्यवस्था, स्वच्छता, यातायात और मूलभूत सुविधाओं के विकास हेतु तेजी से कार्य किए जा रहे हैं, ताकि हर श्रद्धालु को सुव्यवस्थित और सुरक्षित अनुभव प्राप्त हो।