EVM पर सियासत: बॉबी पंवार के आरोपों को चुनाव आयोग ने किया ख़ारिज, वीडियो को बताया फर्जी

उत्तराखंड चुनाव आयोग ने स्वाभिमान मोर्चा के अध्यक्ष बॉबी पंवार द्वारा EVM को लेकर उठाए गए सवालों को खारिज कर दिया है। बता दें बॉबी पंवार ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर इस मुद्दे को उठाया था।
ये थे बॉबी पंवार के आरोप
बॉबी पंवार ने अपनी वीडियो में कहा था कि जब जनता वोट डालती है, तो स्क्रीन पर सही लोगो दिखाई देता है और एक लाइट जल उठती है। इससे आपको तसल्ली हो जाती है कि आपका वोट सही जगह पर गया है। हालांकि, इसके बाद वह लाइट बुझ जाती है, और किसी को कोई अंदाज़ा नहीं होता कि उस गहरे कांच के पीछे क्या चल रहा है। या असल में कौन सी पर्ची निकल रही है। इस वीडियो के ज़रिए, बॉबी पंवार ने सीधे तौर पर BJP पर निशाना साधा है। उनका आरोप है कि ठीक इसी तरह वोट चुराए जाते हैं और चुनाव जीते जाते हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग ने किया बॉबी पंवार के आरोपों का खंडन
राज्य निर्वाचन आयोग ने बॉबी पंवार के आरोपों का खंडन किया है। निर्वाचन आयोग ने कहा वीडियो में दिखाई गई EVM बनावटी है। जो किसी भी तरह से ECI की मौजूदा ईवीएम से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष तौर पर मेल नहीं खाती है। आयोग ने ये भी बताया कि ईवीएम की पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर देश के अलग-अलग राज्यों के हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट ने भी अपनी मुहर लगाई है। लिहाजा मतदाता को भ्रामक खबरों से बचें।
