डोईवाला( जावेद हुसैन)- डोईवाला पुलिस की जितनी तारीफ की जाए कम है। वो इसलिए कि ड्यूटी पर मुस्तैद रहने के बाद भी वो अपने सामाजिक सरोकार नहीं भूली। डोईवाला में पुलिस ने एक युवा मानसिक रूप से विक्षप्त लड़की को उसके अभिभावकों से मिलाने में सराहनीय योगदान दिया।
डोईवाला क्षेत्र में पुलिस को एक तकरीबन 18 साल की लड़की इधर-उधर घूमते मिली। लड़की के हाव-भाव से महसूस हो रहा था कि लड़की मानसिक रुप से बीमार है और भटककर डोईवाला पहुंच गई है। डोईवाला पुलिस की नजर जैसे ही लड़की पर पड़ी पुलिस उसे डोईवाला थाना ले आई। लेकिन लड़की अपने घर और माता-पिता का नाम नहीं बता पाई। ऐसे में डोईवाला पुलिस ने लड़की को महिला कांस्टेबल की निगरानी में रखा और लड़की के बारे में जानकारी तलाशनी शुरू कर दी।
आखिरकार डोईवाला पुलिस की मेहनत रंग लाई और पुलिस को पता चल गया कि लड़की कोटद्वार के बलभद्र पुर की रहने वाली है। लड़की का नाम कुमारी नूतन जोशी है उसके पिता का नाम शांति प्रसाद जोशी है। लड़की के घर का सही पता चलने पर डोईवाला पुलिस ने लड़की के घर उसके कुशलक्षेम की सूचना भिजवाई। डोईवाला पुलिस की ये जानकारी लड़की के परिजनों के लिए एक बड़ी खुशखबरी साबित हुई जिस पर लड़की की मां उसे लेने डोईवाला पहुंची। जहां डोईवाला पुलिस ने लड़की को उसकी मां शोभा देवा के सुपुर्द कर दिया। ऐसे में कहा जा सकता है कि डोईवाला पुलिस तारीफ की हकदार है।