देहरादून- प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन देहरादून में आज देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू को उनके जन्मदिवस के मौके पर बाल दिवस मना कर याद किया गया। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह समेत कई कांग्रेसियों ने पुष्पाजंलि अर्पित कर चाचा नेहरू को श्रद्धापूर्वक याद किया।
राजीवभवन में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीसीसी चीफ प्रीतम सिंह ने कहा कि नेहरू जी ने प्रधाममंत्री के रूप में देश को एक नई दिशा देने का काम किया था। नेहरू जी की सोच ’’सर्व धर्म संभाव’’ वाली थी। उन्होंने सदैव देश के गरीब, असहाय एवं निम्न वर्गो के विकास के लिए कार्य किया।
प्रीतम सिंह ने कहा कि नेहरू जी को बच्चों से अथाह प्यार था उन्हें बच्चे चाचा नेहरू के नाम से पुकारते थे। उनकी जयन्ती को पूरे भारत में बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। पंडित नेहरू की साहित्य में काफी रूचि थी उनके द्वारा लिखी गई पुस्तक हिन्दुस्तान की खोज, नेहरू एक आत्मकथा, विश्व इतिहास की झलक उनके उत्कृष्ट साहित्य का हिस्सा है।
पीसीसी चीफ प्रीतम सिंह ने कहा कि पंडित नेहरू ने देश में योजनागत आधारित विकास की नींव रखते हुए पंचवर्षीय योजना के आधार पर देश में विकास की एक अवधारणा को जन्म देने का काम किया। लोकतांत्रिक समाजवाद में पंडित नेहरू की गहरी आस्था थी। ग्रामीण क्षेत्रों का आर्थिक विकास करना पंडित नेहरू का मुख्य उद्देश्य था।
वहीं प्रीतम सिंह ने कहा कि देश आज भी पंडित नेहरू की विदेश नीति पर चल रहा है। उन्होेेंने गुट निरपेक्ष आन्दोलन को खड़ा करके विश्व में भारत को एक अलग पहचान दिलवाई और चीन के साथ पंचशील के सिद्वांतों पर आधारित समझौते किये।
प्रदेश कांगे्रस कमेटी के अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देहरादून की पुरानी जेल स्थित नेहरू वार्ड में भी नेहरू जी को पुष्पाजंलि अर्पित की ।