UttarakhandBig News

UK Board की परीक्षा शुरू, 2 लाख से अधिक परीक्षार्थी देंगे एग्जाम, प्रदेशभर में बनाए 1245 परीक्षा केंद्र

उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद बोर्ड (UK Board) की 10वीं और 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं 21 फरवरी यानी आज से शुरू हो गई हैं. ये परीक्षाएं 11 मार्च तक चलेंगी. इस बार परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए धारा 163 लागू की गई है, साथ ही 100 मीटर की परिधि में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.

2 लाख से अधिक बच्चे देंगे परीक्षा

बता दें इस साल दो लाख 23 हजार 387 परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा में शामिल हो रहे हैं. इनमें 10वीं के 1,13,688 और 12वीं के 1,09,699 छात्र पंजीकृत हैं. परीक्षा केंद्रों में सभी परीक्षार्थी समय से पहुंच रहे हैं. उन्होंने परीक्षा की पूरी तैयारी की है. हालांकि, कई छात्रों में प्रश्न पत्र को लेकर हल्का तनाव और उत्सुकता भी देखी जा रही है. परीक्षा का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक निर्धारित किया गया है.

प्रदेशभर में बनाए 1245 परीक्षा केंद्र

प्रदेशभर में इस बार कुल 1, 245 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. इनमें 165 संवेदनशील और 5 अति संवेदनशील केंद्र शामिल हैं. इसके अलावा 49 एकल केंद्र और 1, 196 मिश्रित केंद्र बनाए गए हैं. प्रशासन ने परीक्षाओं को नकलमुक्त और पारदर्शी बनाने के लिए कड़े इंतजाम किए हैं.

पारदर्शी परीक्षा को दी जाएगी प्राथमिकता

बोर्ड सचिव विनोद कुमार सिमल्टी ने बताया कि परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकने के लिए विशेष निगरानी रखी जाएगी. प्रशासन का मुख्य उद्देश्य पारदर्शिता और नकल-विहीन परीक्षा सुनिश्चित करना है, ताकि सभी छात्रों को निष्पक्ष वातावरण में परीक्षा देने का अवसर मिल सके.

Sakshi Chhamalwan

उत्तराखंड की युवा और अनुभवी पत्रकार साक्षी छम्मलवाण टीवी और डिजिटल मीडिया दोनों में कार्य का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वे खबर उत्तराखंड (khabaruttarakhand.com) से जुड़ी हैं। उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल, देश-दुनिया की प्रमुख खबरें और धर्म से जुड़े विषयों पर इनकी रिपोर्टिंग तथ्यपरक और गहन होती है। उत्तराखंड | TV + Digital Media खबर उत्तराखंड
Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें