highlight

भारी बारिश ने मचाई चमोली में तबाही, नदियों का विकराल रूप देख दहशत में आए लोग

प्रदेश के अलग-अलग जिलों में हो रही बारिश ने तबाही मचाई हुई है। बारिश के चलते आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। चमोली जिले के थराली में गुरुवार रात से हो रही मूसलाधार बारिश के चलते ब्रह्मताल सुपताल और भेकल ताल क्षेत्र में बादल फट गया।

नदी का विकराल रूप देख सहमे लोग

ब्रह्मताल सुपताल और भेकल ताल क्षेत्र में बादल फटने से पहाड़ बहकर प्राणमति नदी में आ गिरा। जिस वजह से नदी विकराल रूप से बहने लगी। नदी का विकराल रूप देख लोग दशहत में आ गए। नदी के साथ-साथ भारी भरकम बोल्डर बहकर नदी में आने लगे। इसके अलावा सैकड़ों पेड़ बह गए।

लोग अपना घर छोड़ने को हुए मजबूर

जानकारी के अनुसार ग्रामीणों ने बताया कि नदी की गर्जना पांच किमी से अधिक दूर तक सुनाई दे रही थी। जैसे ही नदी से तेज आवाज आनी शुरू हुई जिला प्रशासन ने नदी किनारे रह रहे ग्रामीणों को घर छोड़ सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की। थराली में पिंडर नदी किनारे बसे लोगों ने अपना घर छोड़ ग्वालदम थराली तिराहा और नासिर बाजार में जाकर रात काटी।

थराली और सुना को जोड़ने वाला मोटर पुल बहा

बता दें बीते रविवार को थराली गांव में प्राणमति नदी ने जो तबाही मचाई थी उससे भी अधिक मात्रा में मलबा फिर इस क्षेत्र में घुस गया है। रविवार को थराली और सुना को जोड़ने वाला मोटर पुल और झूला पुल प्राणणमति नदी के सैलाब में बह गया था। मंगलवार को ग्रामीणों ने यहां पर अस्थाई पुल का निर्माण किया था।

लेकिन बुधवार रात प्राणमति नदी में फिर से आई बाढ़ में यह पुल बह गया और फिर से थराली और सुना गांव की 5000 से अधिक जनसंख्या का संपर्क पूरी तरह से कट गया। पुलिस प्रशासन की ओर से रात भर सायरन की मदद से लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई।

Sakshi Chhamalwan

Sakshi Chhamalwan उत्तराखंड में डिजिटल मीडिया से जुड़ीं युवा पत्रकार हैं। साक्षी टीवी मीडिया का भी अनुभव रखती हैं। मौजूदा वक्त में साक्षी खबरउत्तराखंड.कॉम के साथ जुड़ी हैं। साक्षी उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल के साथ साथ, देश, दुनिया, और धर्म जैसी बीट पर काम करती हैं।
Back to top button