
पिथौरागढ़ : विभाजित उत्तर प्रदेश में पिथौरागढ़ क्षेत्र के विधायक रहे लोहाघाट निवासी भाजपा के वरिष्ठ नेता कृष्ण चंद्र पुनेठा का बीती रात निधन हो गया। लोहाघाट के फोर्ती स्थित निवास पर उन्होंने अंतिम सांस ली। जानकारी मिली है कि के.सी पुनेठा लंबे समय से बीमार थे। 1 सितंबर को उनके पुराने साथी और महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने उन्हें उपचार के लिए उन्हें मुंबई बुलवाया था। उत्तराखंड सरकार की ओर से भेजे गए हेलीकॉप्टर से पुनेठा को पहले देहरादून ले जाया गया। उसके बाद मुंबई भेजा गया।
एक हफ्ते पहले ही वो मुंबई से इलाज कराकर लौटे थे। उनके बेटे ने पिता के निधन की खबर सोशल मीडिया के जरिए रात को दी। निधन की सूचना मिलते ही उत्तराखंड भाजपा पूरी राजनीति में शोक की लहर है। उन्हें श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लगा हुआ है। घर पर भी कई दिग्गज श्रद्धाजंलि देने पहुंच रहे हैं। ये उत्तराखंड भाजपा के लिए एक बड़ी क्षति है।
आपको बता दें कि स्व. कृष्ण चंद्र पुनेठा वर्ष 1971 में जनसंघ से जुड़े थे। साल 1990 में वे पिथौरागढ़ जिले में भाजपा के जिलाध्यक्ष बने। 1991 में वह उत्तर प्रदेश विधानसभा के लिए पिथौरागढ़ सीट से सदस्य चुने गए। इसके बाद वह 1996 में भी विधायक चुने गए। उत्तराखंड राज्य अलग होने के बाद वह हिल्ट्रान के अध्यक्ष बने।