
पिथौरागढ़ : भारत का चीन और नेपाल के बीच सीमा विवाद चल रहा है। इसको लेकर सेनाएं पहले ही सीमा पर तैनात और सतर्क हैं। इस बीच सुरक्षा एजेंसियों ने ऐसे इनपुट दिए हैं कि नेपाल सीमा से भारत में कुछ राष्ट्रविरोधी तत्व घुसने की फिराक में हैं। इसको देखते हुए सीमा पर अलर्ट जारी किया गया है।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार चीन-लद्दाख सीमा में तनाव के बीच कुछ लोग अराजकता फैलाने के इरादे से नेपाल के रास्ते भारत में आने का प्रयास कर सकते हैं। पिथौरागढ़ जनपद की नेपाल से करीब 150 किमी से अधिक लंबी सीमा लगी हुई है। दोनों देशों के बीच काली नदी ही सीमा रेखा का काम करती है। इसी नदी से भारत में प्रवेश के कई अवैध रास्ते हैं, जहां से लोग काली नदी से ट्यूब के सहारे भारत में आते रहे हैं।
अब सुरक्षा एंजेंसियों को चीन की तरफ से इन्हीं अवैध रास्तों से अराजक इरादों के साथ कुछ लोगों को भारत में भेजे जाने की आशंका है। सीमा पर सेना ने अपने जवानों की तैनाती बढ़ा दी है। सुरक्षा एजेंसियों के जवान दिन के साथ ही रात के वक्त भी इस सीमा में पहले से ही पहरा दे रहे हैं। सीमा के गांवों से लगे लोगों को भी संदग्धि लोगों के दिखाई देने पर सुरक्षा कर्मियों को जानकारी देने के लिए जागरूक किया जा रहा है। पिथौरागढ़ की नेपाल सीमा पर सुरक्षा कर्मियों का लगातार तेज होता पहरा बढ़ता जा रहा है। अलर्ट मिलने के बाद सुरक्षा और बढ़ा दी गई है।