Tehri Garhwal

टिहरी : प्रधानों ने कैबिनेट मंत्री के बयान को बताया झूठा, क्वारंटाइन केंद्रों के बाहर दिया धरना

टिहरी : ब्लॉक प्रधान संगठन प्रतापनगर के आह्वान पर प्रतापनगर क्षेत्र के ग्राम प्रधानों ने कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक के बयान को झूठा करार देते हुए अपने-अपने गांवों के क्वारंटाइन केंद्रों के बाहर सांकेतिक धरना दिया। उन्होंने 15वें वित्त की धनराशि में कटौती किए जाने पर भी नाराजगी जताई।

शनिवार को प्रतापनगर ब्लॉक के ग्राम प्रधानों ने अपने गांवों के क्वारंटाइन सेंटरों के बाहर सांकेतिक धरना देत हुए शहरी विकास मंत्री पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। ब्लॉक प्रधान संगठन के अध्यक्ष लोकपाल सिंह कंडियाल ने कहा कि सरकार के प्रवक्ता ने मीडिया के सामने ग्राम प्रधानों को कोरोना महामारी से बचाव के लिए पांच-पांच लाख रूपए की धनराशि दिए जाने की बात कही थी। जबकि उन्हें कोई पैसा नहीं मिला। कहा कि इससे ग्राम प्रधानों की छवि धूमिल हुई है। ऐसे में मंत्री को स्पष्टीकरण देना चाहिए। ग्राम प्रधानों ने कहा कि बड़ी संख्या में प्रवासी गांवों की लौट रहे हैं। अब उनकी व्यवस्थाएं करना मुश्किल हो रहा है।

धरना देने वालों में लिखवारगांव के ग्राम प्रधान चंद्रशेखर पैन्यूली, रमोल गांव के पृथ्वी रमोला, चंद्रवीर रावत, राजेंद्र बहुगुणा, कविता कुड़ियाल, आशीष डंगवाल, सुंदर सिंह रावत, विजय पोखरियाल आदि शामिल रहे।

Back to top button