हरिद्वार: रविवार को पूरे देश में जनता कर्फ्यू था। कई ऐसे लोग भी थे, जो बगैर जरूरी काम के घरों से बाहर निकल रहे थे। जबकि कुछ लोग ऐसे भी थे, जिन्होंने जनता कर्फ्यू के दौरान मिसाल पेश की। ऐसे ही एक पूर्व फौजी ने भी किया। उनकी पत्नी का रविवार को निधन हो गया था। अंतिम संस्कार किया जाना था, लेकिन पूर्व फौजी ने जनता कर्फ्यू का उल्लंघन नहीं करने की ठानी और अंतिम संस्कार टाल दिया गया। उनकी पत्नी का अंतिम संस्कार आज किया गया।
हरिद्वार में आर्मी से सेवानिवृत्त फौजी की पत्नी का सुबह आकस्मिक निधन हो गया था। खन्नानगर कॉलोनी के सामने राजलोक विहार कॉलोनी निवासी आर्मी से सेवानिवृत्त राम अवतार शर्मा की पत्नी विद्यावती का रविवार की सुबह देहांत हो गया। दोपहर होने तक सभी लोग शव के अंतिम संस्कार की बात करने लगे, लेकिन राम अवतार ने जनता कर्फ्यू नियम का पालन करते हुए रविवार को अंतिम संस्कार कराने से इंकार कर दिया।