हल्द्वानी : उत्तराखंड की भाजपा सरकार के तीन साल के कार्यकाल में विकास कार्य को ढूंढ ढूंढ़ने कांग्रेस लालटेन के सहारे हल्द्वानी की सड़कों पर निकली। हज़ारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं और लोगों ने लालटेन यात्रा में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया और आगामी विधानसभा चुनाव 2022 में जनता से त्रिवेंद्र सरकार को जड़ से उखाड़ फेंकने की अपील की। लालटेन यात्रा में कांग्रेस की एकजुटता भी देखने को मिली, जिसमें सभी बड़े नेता मौजूद रहे, नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश, प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, पूर्व सीएम हरीश रावत, किशोर उपाध्याय, गोविंद सिंह कुंजवाल सहित कई कांग्रेस नेता लालटेन यात्रा में शामिल हुए।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पिछले तीन सालों में राज्य सरकार ने सिर्फ प्रदेश की जनता को विकास के नाम पर छलने का काम किया। इसके अलावा बेरोजगारी चरम पर है। महंगाई बेकाबू है। प्राधिकरण से प्रदेश की जनता परेशान है, सर्किल रेट कई गुना बढ़ा दिए गए हैं, सड़क, स्वास्थ, बिजली, पानी के नाम पर सिर्फ लोगों को धोखा दिया जा रहा है, इसलिए कांग्रेस राज्य सरकार के विकास कार्यो को लालटेन से ढूंढने निकली है। कांग्रेस ने कहा कि अभी भी लालटेन से राज्य सरकार का विकास कार्य नहीं दिखा तो अलग-अलग विधानसभाओं में भी कांग्रेस लालटेन के जरिए सरकार के विकास को खोजने की कोशिश करेगी।
कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने भी राज्य सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि प्रदेश में विकास के नाम पर 3 साल में एक भी काम नहीं हो पाया और डबल इंजन के नाम पर चल रही सरकार फेल हो गई है, केवल शराब सस्ती है जिसके चलते उत्तराखंड के युवाओं को नशे की गर्त में धकेलने का काम राज्य सरकार कर रही है।