देहरादून : उत्तराखंड में सर्दी का सितम जारी है। पूरा उत्तर भारत ठिठुरने लगा है। इसका जनजीवन पर व्यापक असर दिखा। उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी के साथ नए साल का स्वागत होगा. मौसम केंद्र निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि प्रदेश में कोल्ड डे कंडीशन बनी हुई है. कई पहाड़ी जिले शीतलहर की चपेट में हैं. मैदानी क्षेत्रों में भी भारी ठंड की स्थिति बनी हुई है सड़कों, बाजारों व अन्य सार्वजनिक जगहों पर अलाव जलते दिखे। दफ्तरों में लोग विलंब से पहुंचे। पार्क सूने दिखे और स्कूल-कालेजों में उपस्थिति बेहद कम रही।
शनिवार की रात ठंड ने तोड़ा 4 साल का रिकॉर्ड
वहीं बात करें देहरादून की तो शनिवार की रात ठंड ने 4 साल का रिकॉर्ड तोड़ा। देहरादून में रात में तापमान 3.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। जिसने पिछले चार साल का रिकॉर्ड तोड़ा। बता दें कि इससे पहले दिसंबर-2015 में रात का तापमान 3.6 डिग्री पहुंचा था।
वहीं मौसम विभाग के अनुसार अगले 3-4 दिन तक ऐसे ही ठंड रहने की आशंका है। देहरादून में लोग ठंड से ठिठुरते नजर आए औऱ अलाव का सहारा लेते नजर आए। 22 दिसंबर को जहां रात का न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री था, वहीं 25 दिसंबर को यह 4 डिग्री पर पहुंच गया। 28 दिसंबर की रात यह 3.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
नए साल में मिल सकती है राहत
वहीं मौसम विभाग के अनुसार साल के आखिरी दिन प्रदेश का मौसम साफ रह सकता है औऱ ठंड से लोगों को कुछ हद तक राहत मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार 31 दिसंबर और 1 जनवरी को प्रदेशभर में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रह सकता है। इसके चलते हल्की बारिश और पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी की संभावना है।