हरिद्वार: नवीं कक्षा में फेल होने के बाद डिप्रेशन में आई छात्रा ने फांसी लगा ली। छोटी बहन के शोर मचाने पर पड़ोसियों ने नीचे उतारकर उसे आनन-फानन में अस्पताल भिजवाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
पुलिस के मुताबिक कनखल की देव नगर, सर्वप्रिय विहार कॉलोनी निवासी संदीप कुमार की 15 वर्षीय बेटी साक्षी कक्षा नौ में पढ़ती थी। तीन-चार दिन पहले रिजल्ट आने पर वह फेल हो गई थी। तभी से वह डिप्रेशन में थी। परिवार के सदस्य घर से बाहर गए थे। साक्षी और उसकी छोटी बहन घर पर थे। साक्षी ने अपनी छोटी बहन को जबरन घर से बाहर भेजा। इसके बाद उसने तेज आवाज में टीवी चला दी और चुन्नी का फंदा बनाकर फांसी पर झूल गई। अचानक छोटी बहन घर के अंदर पहुंची तो नजारा देख बदहवास रह गई। उसने बाहर आकर शोर मचाया। पड़ोसियों ने जल्द ही साक्षी को नीचे उतारा और कनखल के रामकृष्ण अस्पताल में पहुंचाया।
जहां डॉक्टरों ने छात्रा को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। परिजनों से पूछताछ करने पर पुलिस को पूरी जानकारी मिली। थाना प्रभारी अनुज ङ्क्षसह ने बताया कि परिजनों से बातचीत में पता चला है कि फेल होने के कारण छात्रा डिप्रेशन में चल रही थी। इसी कारण उसने फांसी लगाई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।