हरिद्वार, संवाददाता। राज्य के लिए छाती को छलनी करवा देने वाले रूड़की के प्रकाश चन्द कांति का कहना है कि जिस अलग राज्य का सपना लेकर वे आंदोलन की राह पर निकले थे और जिस राज्य को बनाने के लिए आंदोलनकारियों ने बड़ी-बड़ी कुर्बानियां दी थी। आज वो राज्य राजनितिक दलों का शिकार हो कर रह गया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में राजनीतिक दलों ने अपने फायदे के लिए उत्तराखण्ड राज्य को और पीछे धकेल दिया है। उनका कहना है कि राज्य बनवाने वाले आन्दोलकारियों की उपेक्षा होती रही है। साथ ही कहा कि राज्य स्थापना दिवस पर ही राजनेताओं को आन्दोलकारियों की याद आती है। गौरतलब है कि प्रकाश चन्द कांति ने अलग राज्य आंदोलन के दौरान सीने पर तीन गोलियां खाई जिसके चलते कांति आज व्हीलचियर पर सिमट कर रह गए हैं। अपने शरीर के 60 प्रतिशत हिस्से को खो चुके कांति राज्य के मौजूदा हालात पर बेहद नाराज हैं।