Udham Singh Nagar News

किच्छा में विकास प्राधिकरण का बड़ा एक्शन, 2 एकड़ कॉलोनी की सड़कें ध्वस्त, 650 भवन चिह्नित

किच्छा के सिरौली कलां क्षेत्र में शनिवार को विकास प्राधिकरण और तहसील प्रशासन की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने निर्माणाधीन मकानों और एक मैरिज हॉल को सील किया, साथ ही करीब 2 एकड़ भूमि पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी की सड़कों पर बुलडोज़र चलाकर उन्हें ध्वस्त कर दिया।

प्राधिकरण की कार्रवाई से विधायक नाराज

जानकारी मिलते ही किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ मौके पर पहुंचे और प्रभावितों से बातचीत की। विधायक ने प्रशासनिक कार्यवाही पर सवाल उठाते हुए कहा कि सिरौली कलां में केवल एक ही समाज की अवैध कॉलोनियों और स्टांप पेपर पर बने मकानों पर ही कार्रवाई की जा रही है, जबकि अन्य स्थानों पर चल रहे अवैध निर्माणों पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

विधायक ने प्रशासन से की हस्तक्षेप की मांग

किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ ने कहा कि जिन लोगों ने अपने मकान बनाए हैं, उन्हें नक्शा स्वीकृत कराने के लिए समय दिया जाना चाहिए, न कि तत्काल उन्हें तोड़ा जाए। विधायक ने कहा कि वे इस मामले पर उधम सिंह नगर के जिलाधिकारी से वार्ता करेंगे ताकि लोगों को राहत मिल सके। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराज़गी है।

प्राधिकरण ने किए 650 भवनों को चिह्नित

बता दें जिला विकास प्राधिकरण सचिव पंकज उपाध्याय के नेतृत्व में शुक्रवार को टीम ने बिना नक्शा पास भवन और कॉलोनियों पर अभियान चलाया था। जेसीबी की सहायता से निर्माणाधीन मकान और अवैध कॉलोनी की दो सड़कों को ध्वस्त किया गया। प्राधिकरण की टीम ने सिरौली कलां में ऐसे लगभग 650 भवनों को चिह्नित किया है, जिन्हें स्टांप पर भूमि खरीदकर बनाया गया है। गुरुवार को बड़ी संख्या में भवनों का सत्यापन भी किया गया था। वहीं, शनिवार से क्षेत्र में ड्रोन सर्वे भी शुरू करने का निर्णय लिया गया है।

Sakshi Chhamalwan

उत्तराखंड की युवा और अनुभवी पत्रकार साक्षी छम्मलवाण टीवी और डिजिटल मीडिया दोनों में कार्य का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वे खबर उत्तराखंड (khabaruttarakhand.com) से जुड़ी हैं। उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल, देश-दुनिया की प्रमुख खबरें और धर्म से जुड़े विषयों पर इनकी रिपोर्टिंग तथ्यपरक और गहन होती है। उत्तराखंड | TV + Digital Media खबर उत्तराखंड
Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें