Pithoragarh

उत्तराखंड : नामकरण में गए युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या, 3 के खिलाफ मुकदमा दर्ज

भारत नेपाल सीमा से लगे पिथौरागढ़ के गांव सुनखोली में बीती रात एक युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वहीं मृतक के परिजनों ने पुलिस को तहरीर दी और इसके बाद तीन युवकों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी गई है।

अस्कोट थाना प्रभारी पीआर आगरी ने जानकरी दी कि बीती रात सुनखोली गांव में तेज सिंह कठायत के घर पर नामकरण संस्कार था। गांव का ही रहने वाला गगन सिंह अपने परिवार वालों के साथ नामकरण में गया था। रात 11 बजे क्षेत्र के सोबन सिंह ऐरी, हरीश सिंह कठायत और चंचल सिंह कठायत गगन सिंह को अपने साथ बुलाकर ले गए। गांव से कुछ ही दूरी पर मशानी मंदिर के पास उसकी लाठी-डंडों से पिटाई की। इसी दौरान मृतक की मां को इसकी जानकारी मिली तो वो बहू को लेकर मौके पर पहुंची और शोर मचाया जिसके बाद हमलावर भाग गए। घायल गगन के लिए गांव में ही डॉक्टर बुलाया गया। डौड़ा अस्पताल से डॉक्टर गांव आया। चिकित्सक ने गगन की हालत देखते हुए उसे तत्काल जिला चिकित्सालय ले जाने की सलाह दी। परिजन रात में ही गगन को लेकर जिला मुख्यालय पहुंचे जहां उसे मृत घोषित कर दिया।

वहीं इसके बाद मृतक के भाई ने शुक्रवार को अस्कोट थान में तीनों युवकों के खिलाफ सोची समझी साजिश के तहत हत्या करने का आरोप लगाया औऱ तहरीर दी। थानाध्यक्ष पीआर आगरी ने बताया कि मामले में धारा 302 के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। आरोपितों की तलाश की जा रही है। जल्द तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Back to top button