उत्तराखंड भाजपा से बड़ी खबर है। जी हां भाजपा संगठन में 6 साल के लिए निष्कासित ‘गालीबाज’ विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन की पार्टी में वापसी हो गई है। इसको लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने कहा कि उनको एक मौका दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निष्कासन के दौरान उनकी एक भी शिकायत नहीं मिली है। चैंपियन और कर्णवाल ने सीएम त्रिवेंद्र रावत से भी मुलाकात की। वहीं घर वापसी के बाद पहली बार चैंपियन मीडिया से रुबरु हुए और उनके पार्टी और प्रदेश की जनता से अपनी गलतियों की माफी मांगी। चैंपियन ने मां का परिचय देते हुए कहा कि उनमे आधा खून पहाड़ का है क्योंकि उनकी मां पहाड़ी थीं।
बता दें कि करीब एक साल पहले सोशल मीडिया पर उनके वीडियो वायरल हुए थे, जिनमें चैंपियन हाथ में हथियार लिए तमंचे पर डिस्को गाने में डांस करते और जाम छलकाते नजर आए थे। इस दौरान विधायक ने उत्तराखंड को गाली दी थी जिसके बाद प्रदेश में विधायक का विरोध हुआ और वीडियो वायरल हुए इसके बाद पार्टी ने एक्शन लेते हुए विधायक को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया था। इसके अलावा झबरेड़ा विधायक देशराज कर्णवाल के साथ उनका विवाद खासी चर्चाओं में रहा। इसके अलावा दिल्ली स्थिति उत्तराखंड भवन में भी उन्होंने कुछ लोगों के साथ भद्रता की थी। इससे पहले भी उनके कई तरह के विवादित वीडियो सामने आते रहे थे।इन सभी मसलों को ध्यान में रखते हुए भाजपा ने चैंपियन को नोटिस दिया था। उनको कार्यालय में भी तलब किया गया था। इस दौरान उनकी तल्खी जारी रही। जिसके बाद भाजपा ने उनको पार्टी से निष्कासित कर दिया था। चैंनियन की वापसी के बाद भाजपा के आला नेता उनकी तारीफों के पुल बांधते नजर आ रहे हैं। भाजपा के इस फैसले की कांग्रेस तो आलोचना कर ही रही है। आम लोग भी इसको लेकर आलोचना कर रहे हैं।