नई दिल्ली : दिल्ली में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और दिल्ली सरकार को घेरा। सीएम योगी ने कहा है कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल चाहें तो शाहीन बाग का धरना खत्म हो जाए, लेकिन वोट बैंक की राजनीति के लिए वह इस ऐसा नहीं चाहेंगे। योगी यहीं नहीं रुके, इस बीच उन्होंने कांग्रेस और आप दोनों को निशाने पर लेते हुए कहा कि कश्मीर में कांग्रेस बिरयानी खिलाती थी और शाहीन बाग में केजरीवाल खिला रहे हैं।
सीएम योगी ने दिल्ली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले उत्तर प्रदेश की सड़कें बदहाल हुआ करती थीं, लेकिन अब दिल्ली की सड़कों की हालत खराब है। उन्होंने शनिवार को भाजप प्रत्याशियों के समर्थन में मुस्तफाबाद , करावल नगर, आदर्श नगर, नरेला एवं रोहिणी विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित किया।
मुख्यमंत्री योगी इस दौरान नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) से लेकर बदहाल सड़कों तक के मुद्दे पर केजरीवाल को घेरते हुए नजर आए। उन्होंने कहा कि जो लोग महिला सशक्तीकरण की बात करते थे। उन्होंने ही नैना साहनी को टुकड़े-टुकड़े कर तंदूर में जलाया, शाहबानो के मामले में सर्वोच्च न्यायालय के फैसले को खारिज करने के लिए जिन्होंने संसद का दुरुपयोग किया। आज वह लोग तीन तलाक, अनुच्छेद 370, सहित सामाजिक न्याय के लिए बनाए गए कानूनों का विरोध कर रहे हैं।