देहरादून : प्रदेश में जल्द ही मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। उत्तराखंड सीएम त्रिवेंद्र रावत के बाद अब प्रदेश के नए बीजेपी अध्य्क्ष ने भी मंत्री मंडल विस्तार के संकेत दिए हैं, जिससे भाजपा में हलचल बढ़ गई है।
सरकार में चल रहा मंत्री मंडल विस्तार पर मंथन
बता दें कि नए बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि मंत्री मंडल विस्तार का निर्णय सरकार को लेना है लेकिन अब समय आ गया है कि मंत्री मंडल विस्तार पर चर्चा की जाए और मंत्री मंडल का विस्तार किया जाए। बंशीधर भगत के बयान से साफ है कि सरकार में मंत्री मंडल विस्तार पर मंथन चल रहा है और जल्द ही रिक्त पदों की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
तीन पद हैं खाली
प्रदेश कैबिनेट में अभी मंत्रियों के तीन पद रिक्त चल रहे हैं। इनमें एक पद पूर्व वित्त मंत्री प्रकाश पंत के निधन के बाद रिक्त हुआ है, जबकि दो मंत्री पद पहले से ही रिक्त चल रहे थे। प्रकाश पंत के पास वित्त, आबकारी, पेयजल व संसदीय कार्य जैसे अहम विभाग थे। उनके निधन के बाद से ही उनके विभाग मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत देख रहे हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा के दौरे ने दिया बल
राज्य में मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाएं तो बीते कई महीनों से चल रही हैं लेकिन जितनी तेजी से ये चर्चाएं उठीं उतनी तेजी से दब भी गई। अब एक बार फिर मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है। दरअसल, इस बार इन चर्चाओं को बल भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा के दौरे ने दिया है। पिछले दिनों देहरादून दौरे पर आए जेपी नड्डा ने पार्टी पदाधिकारियों से सरकार के कामकाज की समीक्षा भी की थी। इसके बाद से ही मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाओं ने जोर पकड़ा। कहा जा रहा है कि इस समय मुख्यमंत्री के पास कई विभागों को बोझ है।