लालकुआं- महिला सशक्तीकरण राज्यमंत्री रेखा आर्य के अर्जुनपुर फत्ताबंगर स्थित आइसक्रीम गोदाम से पौने दस लाख की आइसक्रीम गायब होने का मामला सामने आया है। मंत्री के एक रिश्तेदार ने फैक्ट्री का काम देखने वाले व्यवस्थापक के खिलाफ अमानत में खयानत का मुकदमा पंजीकृत कराया है। जिस पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
यह फ्रेंचाइजी मंत्री रेखा आर्य के नाम से
दरअसल अर्जुनपुर फत्ताबंगर में स्थित देवभूमि इंटरप्राइजेज के पास वाडीलाल आइसक्रीम की फ्रेंचाइजी है। यह फ्रेंचाइजी मंत्री रेखा आर्य के नाम से है।
डिपो के प्रभारी के तौर पर नियुक्त किए गए सत्येंद्र राठौर पुत्र हरि प्रसाद निवासी गोगीन वादा जिला बरेली उत्तर प्रदेश ने स्थानीय कोतवाली में दी गई तहरीर में कहा है कि डिपो की वह देख रेख किया करते हैं। डिपो की व्यवस्था की जिम्मेदारी नगला मुरादाबाद निवासी राम प्रकाश पुत्र महेंद्र सिंह काला को दी गई थी। वह लोग डिपो का प्रत्येक छह माह में ऑडिट कराते हैं।
नौ लाख 86 हजार नौ सौ 49 रुपये की आइसक्रीम कम पाई
इस बार गत 18 मार्च से 22 मार्च तक डिपो का ऑडिट कराया गया तो उसमें नौ लाख 86 हजार नौ सौ 49 रुपये की आइसक्रीम कम पाई गई। जिसकी पूरी जिम्मेदारी डिपो का कार्य देखने वाले राम प्रकाश की है।
तहरीर में कहा गया है कि अमानत में खयानत करने वाले राम प्रकाश व अन्य जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर चोरी गई आइसक्रीम बरामद कराई जाए। कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पंजीकृत कर आरोपित राम प्रकाश को गिरफ्तार कर लिया है। गौरतलब है कि पिछले वर्ष भी इस फैक्ट्री में माल गायब होने का मामला प्रकाश में आया था।