
हल्दवानी : उत्तराखंड की एक और बेटी कामना कांडपाल ने हाल में ही संपन्न हुए नेशनल एलिजिबिलिटी टेस्ट (नेट) को क्लीयर कर लिया है। हल्दवानी की रहने वाली कामना ने मॉस कम्यूनिकेशन विषय से ये परीक्षा दी थी और परीक्षा उत्तीर्ण करने में सफल रहीं हैं। कामना इस परीक्षा में साठ फीसदी अंक पाने में कामयाब हुईं। माखन लाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से 2017 में एडवर्टाइजिंग में पीजी कर चुकी हैं। इसके बाद कामना ने हालांकि अध्यापन भी किया लेकिन इसके बाद नेट की तैयारी में जुट गईं। कामना ने दूसरे प्रयास में नेट परीक्षा पास कर ली। पहली बार भी कामना महज कुछ नंबरों से रह गईं थीं।
मां कॉलेज में म्यूजिक लेक्चरर, पिता रिटायर्ड इंजीनियर
कामना की मां मोहिता कांडपाल हल्दवानी में खालसा गर्ल्स कॉलेज में म्यूजिक की लेक्चरर हैं. वहीं उनके पिता सुनील कांडपाल रिटायर्ड इंजीनियर हैं। कामना की बड़ी बहन डॉक्टर आकांक्षा कांडपाल ममगई धारचूला में मेडिकल गवर्रमेंट ऑफिसर हैं जबकि छोटा भाई इंजीनियरिंग कर रहा है। घर में पढ़ाई लिखाई का माहौल होने से कामना को खासी मदद मिली।
कामना ने की खबर उत्तराखंड से फोन पर बात
खबर उत्तराखंड के साथ बातचीत में कामना ने बताया कि वो नेट की परीक्षा के लिए रोजाना तकरीबन 6 से 8 घंटे पढ़ाई करती थीं। तैयारी के लिए उन्होंने ऑनलाइन कंटेंट का सहारा भी लिया। हालांकि अधिकतर पढ़ाई खुद ही की। कामना को इसी का परिणाम मिला और नेट परीक्षा में उत्तीर्ण रहीं। इसके साथ ही कामना कर्नाटक स्टेट एलिजिबिलिटी टेस्ट (केसेट) भी निकाल चुकीं हैं। अब कामना की तैयारी शोध करने की है।