देहरादून: कल यानि मंगलवार से विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा का शुभारंभ हो रहा है। प्रथम धाम यमुनोत्री और गंगोत्री के कपाट खुलने के साथ ही चारधाम यात्रा का विधिवत शुभारंभ हो जाएगा। पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने तीर्थ यात्रियों को उत्तराखंड में स्वागत किया है। साथ ही सुरक्षित और सुगम यात्रा की शुभकामनाएं भी दी हैं।
ऋषिकेश से यात्रियों के वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। धामों के सुरक्षा को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। सतपाल महाराज ने कहा कि सभी धामों खासकर केदारनाथ में तीर्थ यात्रियों के रुकने की संख्या तय कर दी गई है। धाम में एक रात में तीन हजार यात्री ही रह पाएंगे। महाराज ने कहा कि सभी तीर्थ यात्रियों को सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। पर्यटन विभाग यात्रियों को प्रदेश के दूसरे धार्मिक स्थलों की जानकारी भी देगा।