त्यूणी। लम्बे समय से त्यूणी में थाने की मांग कर रहे क्षेत्र वासियों को सूबे की सरकार ने सौगात दे दी है। रविवार को मुख्यमंत्री हरीश रावत और राज्य गृह मंत्री प्रीतम सिंह ने त्यूणी में थाने व 100 बैड के अस्पताल का लोकार्पण किया। इस दौरान उनहोंने गृह मंत्री प्रीतम सिंह के क्षेत्र में जनसभा को संबोधित भी किया। जहां उन्होंने चकराता की जनता से कई योजनाओं का बखान किया। वहीं सीएम हरीश रावत ने कहा कि, उत्तराखण्ड समावेशी विकास के रास्ते पर कदम आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि, उत्तराखण्ड सर्वाधिक प्रकार के सामाजिक सुरक्षा पेंशन देने वाला पहला राज्य है। मुख्यमंत्री ने कहा कि, 2014 में पेंशन लाभार्थियों की संख्या मात्र एक लाख 74 हजार थी। जबकि अब बढ़कर सात लाख 25 हजार हो गयी है।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि, उत्तराखण्ड पहला राज्य है जिसमें किसानों को पेंशन दी जा रही है। साथ ही कहा कि, पर्वतीय क्षेत्रों में स्थानीय व परम्परागत खेती को प्रोत्साहन देने के लिए फसलों पर बोनस दिया जा रहा है। उन्होनें कहा कि, जैविक खेती को बढ़ावा देने के साथ ही फल पौधशालाओं की स्थापना भी की जा रही है। बेमौसमी सब्जी को बढ़ावा देते हुए पर्वतीय क्षेत्रों में उत्पादित स्थानीय एवं परम्परागत फसलों का समर्थन मूल्य भी दिया जा रहा है।
इस दौरान मुख्यमंत्री हरीश रावत ने जनसभा में आरा व थरारा मोटर मार्ग की स्वीकृति की घोषणा की।