देहरादून। उत्तराखंड में हिमालय पुत्र हेमवती नंदन बहुगुणा के नामपर अब खुलकर सियासत होने लगी है। खास बात ये है कि इस सियासत को करने वाले कांग्रेस पार्टी के ही दो अलग अलग गुट हैं। सोमवार को बहुगुणा जी के जंयती के मौके पर इन दोनों गुटों ने एक दूसरे पर हिमालय पुत्र की विरासत को खत्म करने का आरोप लगाया है। देहरादून में हेमवती नंदन बहुगुणा की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण करने पहुंचे उनके पुत्र विजय बहुगुणा ने कहा है कि पिताजी ने उन्हें गलत के खिलाफ आवाज उठाने का पाठ पढ़ाया है। इसीलिए उन्होंने हरीश रावत सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की। विजय बहुगुणा ने एक बार फिर आरोप लगाया है कि हरीश रावत की सरकार को माफिया चला रहे थे। विजय बहुगुणा ने हरीश रावत पर आरोप लगाते हुए कहा है कि नारायण दत्त तिवारी और विजय बहुगुणा का मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठना अच्छा नहीं लगता था।
वहीं विजय बहुगुणा गुट के बागी विधायक हरक सिंह रावत भी हरीश रावत पर हमलावर हैं। हरक सिंह रावत ने केदारनाथ की कसम खाकर दावा किया है कि वो कभी भी हरीश रावत को सत्ता में वापसी नहीं करने देंगे। हरक सिंह रावत ने कहा है कि वो जनता के बीच जाकर उन्हें हरीश रावत की सच्चाई के बारे में बताएंगे।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भी बहुगुणा की जयंती के बहाने सियासी विरोधियों पर जमकार निशाने लगाए हैं। हरीश रावत, किशोर उपाध्याय और अन्य कांग्रेसी नेताओ ने बहुगुणा की प्रतिमा के सामन खड़े होकर उनके सिद्दांतों पर चलने का प्रण भी लिया।