संवाददाता। मोदी सरकार के दो साल पूरे होने पर उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में विकास पर्व रैली का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सहारनपुर रैली के जरिए भाजपा के यूपी मिशन 2017 के चुनाव प्रचार का आगाज कर दिया।
उन्होंने कहा कि दो साल में हमारी सरकार पर भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लगा है। उनकी सरकार ने लूट खत्म करने का बीड़ा उठाया है। किसानों की समस्या को उठाते हुए पीएम मोदी ने कहा कि गन्ना किसानों के बकाया देने की व्यवस्था उनकी सरकार ने की है। उन्होंने कहा कि 2022 तक किसानों की आय दोगुना हो इसके लिए उनकी सरकार काम कर रही है। गरीब भी गैस पर खाना पका सके इसके लिए उज्ज्वला योजना शुरू की। पीएम मोदी ने अगले 3 साल में पांच करोड़ परिवारों को रसोई गैस देने की घोषणा की।
पीएम मोदी ने ऐलान किया कि देश में डॉक्टरों के रिटायरमेंट की उम्र 65 साल की जाएगी। केंद्रीय कैबिनेट एक सप्ताह के भीतर इस पर फैसला लेगी। वहीं उन्होंने प्राइवेट हॉस्पिटल के डॉक्टर से अपील की कि हर माह की 9 तारीख को गरीब प्रसूता का मुफ्त इलाज करें।
पीएम मोदी से पहले रैली को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने सीधे कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए कहा कि मैदानी क्षेत्रों में कांग्रेस पार्टी साफ हो गई है। कांग्रेस अब केवल पहाड़ी क्षेत्रों में ही दुबकी हुई है।
केंद्र की मोदी सरकार के दो साल पूरे होने पर यूपी के सहारनपुर में पीएम मोदी की रैली का आयोजन किया गया।