देहरादून। सुप्रीम कोर्ट में लगातार सुनवाई टलने को लेकर कांग्रेस ने बीजेपी को आड़े हाथों लिया है। उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने केन्द्र सरकार पर षड़यंत्र रचकर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई टालने का आरोप लगाया है। केन्द्रीय नेताओं पर बरसते हुए किशोर उपाध्याय ने ये भी आरोप लगाया कि बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, कैलाश विजयवर्गीय, अनिल बलूनी समेत अरुण जेटली कांग्रेस विधायकों को तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं हरीश रावत के कथित स्टिंग प्रकरण को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने कहा कि उन्होने कथित स्टिंग की पूरी सीडी उपलब्ध कराने के लिए राज्यपाल से मांग की है। इसके लिए किशोर उपाध्याय ने राज्यपाल को खत भी लिखा है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने बागियों को विधायक कहने पर भी नाराज़गी जाहिर की है। राज्यपाल को शिकायती पत्र लिखने की बात कहते हुए किशोर उपाध्याय ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष की तरफ से बागियों की सदस्यता रद्द कर दी है। ऐसे में बागियों को विधायक नहीं कहा जा सकता है।