देहरादून। प्रदेश के मुख्य सचिव शत्रुघ्न सिंह ने वनाग्नि पर अपडेट दिया है कि वनों में लगी आग पर काबू पा लिया गया है। बुधवार को हेलीकाप्टर का भी कहीं प्रयोग नहीं किया गया। फिलहाल 14 जगहों पर आग बुझाने का प्रयास जारी है। अब तक 16 लोग आग लगने की घटना में घायल हुए हैं और 7 पशुओं की मौत हुई है। चारधाम यात्रा को लेकर मुख्य सचिव शत्रुघ्न सिंह ने कहा कि वनाग्नि से चार धाम यात्रा पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। बुधवार को जारी शासन की बुलेटिन के मुताबिक आग लगने की वजह से नैनीताल में 2 लोगों की मौत हो गई है। अब तब वनाग्नि की घटनाओं में कुल 7 मौतों की मुख्य सचिव ने पुष्टि की है। उत्तराखंड में 1681 वनाग्नि की घटनाएं घटित हुई हैं, जिनमे 3738.94 हेक्टेयर क्षेत्र प्रभावित हुआ है। गढ़वाल क्षेत्र में 877 घटनाओं के चलते 1577.28 हेक्टेयर और कुमाऊं क्षेत्र में 591 घटनाओं में 1433.51 हेक्टेयर प्रभावित हुआ है। वन्यजीव क्षेत्रों में 213 घटनाएं घटित हुई हैं और 728.15 हेक्टेयर क्षेत्र प्रभावित हुआ है।