उत्तराखंड में राष्ट्रपति शासन लगाए जाने के मसले पर एक बार फिर संसद में हंगामा हुआ। कांग्रेस के हंगामे के चलते लोकसभा को स्थगित करना पड़ा। कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने लोकसभा में मोदी सरकार पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस सांसदों ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने तानाशाही रवैया अपनाते हुए उत्तराखंड की कांग्रेस सरकार को गिरा दिया और राज्य में राष्ट्रपति शासन लगा दिया। वहीं भाजपा अब भी यही दावा कर रही है कि कांग्रेस सरकार के गिरने की वजह कांग्रेस की अंदरूनी फूट है और उसमें भाजपा का कोई रोल नहीं है।