उत्तरकाशी- शुक्रवार को यमुनोत्री धाम में एक यात्री की खाई में गिरने से मौत हो गई। मृतक उड़ीसा का रहने वाला था। मिली जानकारी के अनुसार यात्री धाम में पहाड़ी के किनारे खड़ा होकर उलटी कर रहा था। जिसके बाद अचानक उसका बैलेंस बिगड़ा और पैर फिसलने के कारण वो खाई में जा गिरा।
बड़कोट थाना क्षेत्र के एसओ विनोद थपलियाल के मुताबिक मृतक गुलाब चंद उड़ीसा के बलांगगीर का रहने वाला था। जिसकी उम्र 65 साल बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार गुलाब चंद अपने परिजनो के साथ यमुनोत्री धाम के दर्शन के लिए आया था। धाम की चढ़ाई पूरी करने के बाद गुलाबचंद को उलटी की शिकायत हुई। जिसके बाद वह पहाड़ी के किनारे उलटी करने लगा।
इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसला और वो करीब 20 मीटर खाई में जा गिरा। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल गुलाबचंद को खाई से बाहर निकाला। जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया। लेकिन यात्री गुलाबचंद ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भर दिया है।