रुड़की- लगभग डेढ़ माह पूर्व रुड़की मे हुए चाचा भतीजे की हत्या के मामले मे पुलिस ने जो खुलासा किया है उस पर बेलड़ी गाँव की प्रधान ओर ग्रामीणों ने सवालिया निशान खड़े करते हुए पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए है।
ग्राम प्रधान पिंकी का आरोप है कि, पुलिस डबल मर्डर में जिस खुलासे का दावा कर रही है उसमें जबरन बेगुनाह लोगों को फंसा रही है। प्रधान की माने तो डेढ माह बीतने के बाद भी पुलिस के हाथ हत्याकांड के मामले में खाली थे। डबल मर्डर पुलिस के गले की फांस बन गया था।
गौरतलब है कि तकरीबन डेढ़ माह पूर्व कान्हापुर गाँव के पास पाईप गोदाम मे चौकीदारी कर रहे चाचा भतीजे की बेरहमी से हत्या कर दी गयी थी। जिस पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया और मामले की जांच मे जुट गई। बीते रोज रुड़की पुलिस ने डबल मर्डर केस का खुलासा करने का दावा किया और तीन आरोपियो को पकड़ा जबिक डबल मर्डर केस का मास्टर माइंड बेलड़ी ग्राम प्रधान पति ललित रोड को बताया।
जबकि बेलड़ी ग्राम प्रधान पिंकी ओर ग्रामीणों ने पुलिस खुलासे को फर्जी बताया है। उनका कहना है की प्रधान पति पुलिस पर केस खोलने का दबाव बना रहा था इसी लिए पुलिस ने उससे रंजिश रखते हुए उसे ही फंसा दिया है। इसके साथ ही पिंकी ने पुलिस पर उनकी गाड़ी ले जाने का आरोप भी लगाया है। पिंकी का कहना है कि दो पुलिस कर्मी उनके घर से उनकी गाड़ी लेकर गये हैं जिनकी वीडियो भी उन्होंने बनाई है।
प्रधान को शक है कि पुलिस ने उनके पति को गिरफ्तार किया हुआ है ओर जो गाड़ी पुलिस उनके घर से लेकर गयी है उसमे पुलिस उनके पति को गाड़ी समेत गिरफ्तार दिखाएगी।
हालांकि प्रधान ओर ग्रामीणों का कहना अगर उन्हें इंसाफ नही मिला तो वह सड़को पर उतरकर प्रदर्शन करेगे। साथ ही पूरे मामले से आला अधिकारियों से अवगत भी कराएंगे।