जखोली- जखोली के जैंती गांव में एक महिला को घर में जलाकर मार दिया गया। शुक्रवार रात घर में अकेली महिला को अज्ञात लोगों ने बिस्तर पर ही कपड़ों के साथ जला डाला। जबकी कमरे में रखा धान और अन्य सामान भी फैला दिया। इस मामले में पुलिस ने मयाली चौकी में हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार रात जखोली के जैंती गांव में 50 वर्षीय बिमला देवी अपने घर में अकेली थी। आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात लोग घर में पहुंचे और महिला की हत्या कर दी। साक्ष्य मिटाने के मकसद से महिला को बिस्तर मं रखा गया और आसपास महिला के कपड़े रख आग लगा दी। ताकी यह लगे कि आग लगने से महिला की मौत हुई है। कमरे में धान और गैय सिलेंडर भी अव्यवस्थित तरीके से रखा गया। वहीं ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि कुछ महिने पहले भी इसी परिवार की एक महिला पर अज्ञात लोगों द्वारा धारदार हथियार से हमला करने का मामला भी प्रकाश में आया था ।
सूचना मिलने पर एसपी पीएन राणा, एसडीएम जखोली देवमूर्ति यादव मय फोर्स घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौका मुआयना करने के बाद प्रथम दृष्टया मामले को हत्या बताया। फिलहाल जांच शुरू हो गई है।