देहरादून : उत्तराखंड में अगले 24 घंटों तक पहाड़ी जनपदों में हल्की बारिश के आसार हैं। मैदानी क्षेत्रों में आंशिक बादल छाए रहेंगे। वहीं दून के तापमान में एक से दो डिग्री तक उछाल आ सकता है। चारधाम में भी हल्की बारिश की उम्मीद है।
प्रदेश में इस बार मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। कभी बारिश तो कभी उमस से लोग परेशान हैं। बुधवार को राजधानी देहरादून में गर्मी और उमस रही। अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 36.5 और न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 23.4 डिग्री सेल्यियस रिकॉर्ड किया गया। यही स्थिति गुरुवार को भी बनी है। पर्वतीय जनपदों में भी सुबह से धूप खिल गई।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि अगले दो दिनों तक मौसम एक बार फिर बदलेगा। उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ हल्की बारिश की संभावना बन रही है। शेष जिलों में आंशिक बादल छाए रहेंगे। बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री व यमुनोत्री में भी हल्की बारिश के आसार हैं।