सोमेश्वर : अल्मोड़ा जिले की सोमेश्वर तहसील के सलोंज गांव में भवन निर्माण के लिए पत्थर निकालते समय दो मजदूरों की विशालकाय बोल्डर के नीचे दबने से मौत हो गई है। हादसे के बाद गांव में कोहराम मच गया है। हादसे की सूचना प्रशासन को दे दी गई है।
सोमेश्वर के सलोंज गांव निवासी प्यारे लाल पुत्र कमल राम का इन दिनों भवन निर्माण का कार्य चल रहा है। जिसके लिए इसी गांव के शंकर चंद्र (48) पुत्र जीवन चंद्र और गोपाल राम (36) पुत्र जोगाराम गांव के पास ही पत्थर निकालने का काम कर रहे थे। सोमवार को रोज की तरह दोनों मजदूर पत्थर निकालने के लिए एक बड़े बोल्डर को तोड़ने का काम कर रहे थे। दोपहर बारह बजे के आसपास पत्थर निकालते वक्त अचानक बोल्डर नीचे आ गिरा और दोनों मजदूर उसके नीचे दब गए।
गांव वालों को इसकी खबर लगी तो वह मदद को दौड़े लेकिन तब तक दोनों मजदूरों को मौत हो चुकी थी। आनन फानन में ग्रामीणों ने इसकी खबर प्रशासन को दी। जिसके बाद थानाध्यक्ष संजय गब्र्याल और तहसीलदार खुशबू आर्या मौके पर पहुंचे। एसडीआरएफ की टीम के मौके पर आने के बाद शवों को बमुश्किल बोल्डर के नीचे से निकाला गया और पंचनामा भरने के बाद उन्हें पोस्टमार्टम के लिए अल्मोड़ा भेज दिया गया है।
मेहनत मजदूरी कर करते थे परिवार का भरण पोषण
सलोंज गांव में अचानक हुए हादसे ने दो परिवारों का ताना बाना बिखेर कर रख दिया है। दोनों मजदूर मेहनत मजदूरी कर जैसे तैसे अपने परिवार को पालन पोषण करते थे। लेकिन सोमवार का दिन इन दोनों परिवारों के लिए काला दिन बनकर आया और दोनों परिवारों के कमाऊ सदस्यों को लील गया।
हादसे के बाद गांव में पसरा सन्नाटा
सलोंज गांव में दो मजदूरों की मौत के बाद अब गांव में सन्नाटा पसरा है। हादसे की खबर के बाद आसपास के गांवों के लोग पीड़ित परिजनों से मिले और उन्हें सात्वना दी। प्रदेश राज्य मंत्री रेखा आर्या, मंडल अध्यक्ष देवेंद्र जोशी, राजेंद्र कैड़ा, खड़क सिंह, उमेश मेहरा, भुवन जोशी, सुंदर राणा, किशोर नयाल, राजेंद्र बाराकोटी ने भी हादसे पर शोक व्यक्त किया है।