देहरादून- उत्तराखंड की स्थाई राजधानी गैरसैंण बनाने की मांग को लेकर अब आंदोलन तेज होने लगे हैं।
विचार-विमर्श, परिचर्चाओं के दौर के बीच अब जन जागरण के लिए यात्राएं निकली जानी लगी हैं।
आज कई राज्य आंदोलनकारियों ने गैरसैंण को राज्य की स्थाई राजधानी बनाने की मांग को लेकर तिरंगा यात्रा निकाली।
देहरादून के शहीद स्थल से तिरंगा यात्रा का शुभारंभ हुआ। आंदोलनकारियों का कहना है कि17 साल बाद भी सरकार गैरसैंण पर अपनी स्थिति स्पष्ट नहीं कर पाई है। हालांकि गैरसैंण को राज्य की अस्मिता बताया जा रहा है बावजूद इसके सरकार गैरसैंण को स्थाई राजधानी घोषित करने में हिचक रही है।
आंदोलनकारियों की माने तो गैरसैंण स्थाई राजधानी आंदोलन किसी राजनीतिक दल का न होकर उत्तराखंड के जनमानस की भावनाओं से जुड़ा है। इसीलिए आज की यात्रा में किसी पार्टी का ध्वज ना लेकर तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है।
वहीं इस मौके पर आंदोलनकारियों ने सरकार को चेतावनी दी है कि जब तक सरकार गैरसैंण को राज्य की स्थाई राजधानी घोषित नहीं कर देती तब तक आंदोलन पूरे उत्तराखंड में जारी रहेगा।