बागेश्वर-जिला मुख्यालय में दिन दहाड़े तेंदुए ने युवक पर हमला कर दिया। सामने मौत देखकर भी युवक हिम्मत नहीं हारा। वह भी तेंदुए से भिड़ गया और शोर मचाने लगा। इसके बाद आसपास के लोग घटनास्थल पर दौड़े और युवक का बचाव किया।
सुशील कुमार (30 साल) पुत्र स्व. नयन राम जिला मुख्यालय से सटे आरे गांव का रहने वाला है। वह गांव में ही मजदूरी का काम करता है। आज वह दोपहर एक बजे घर से थोड़ी दूर स्थित मंदिर के पास जा रहा था। मंदिर के करीब ही पहले से घात लगाकर बैठे तेंदुए ने युवक पर हमला कर दिया।
युवक भी तेंदुए से भिड़ गया और शोर मचाने लगा। इस पर आस-पास के घटनास्थल की ओर दौड़े। इसके बाद तेंदुआ वहां से भाग गया। घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉ. दिलीप वाष्णेय ने बताया कि उसके शरीर पर काफी चोटे आई हैं। पंजे के निशान बने हुए हैं। गिरने से सिर में चोट आई।
घायल के परिवार को दिया जाएगा मुआवजा
वन क्षेत्राधिकारी (बागेश्वर) एनडी पांडे का कहना है कि तेंदुए के हमले में युवक घायल हुआ है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद घायल के परिवार को मुआवजा दिया जाएगा।
आरे गांव में तीन माह पहले भी तेंदुए ने हमला किया था। जिसके बाद से लोग क्षेत्र में पिंजड़ा लगाने की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि वन विभाग ने समय पर पिंजड़ा लगाया होता तो शायद यह घटना नहीं होती। उन्होंने गांव में अविलंब पिंजड़ा लगाने तथा घायल को मुआवजा दिए जाने की मांग की है।