चंपावत। दहेज मांगने पर एक लड़की ने शादी से इन्कार कर दिया है। लड़की के साहसिक कदम की पूरे क्षेत्र मे सराहना हो रही है। जिला मुख्यालय पर 25 नवंबर को एक लड़की की शादी होने वाली थी। शादी तय होते समय लड़के वोलों ने दहेज की मांग की थी। जिस पर लड़की पक्ष वाले राजी हो गए थे। अचानक लड़के पक्ष ने दहेज की डिमांड और बढ़ा दी। इस पर लड़की पक्ष वालों ने असमर्थता जताई। इसके बाद लड़के वाले उन्हें शादी नहीं करने की धमकी देने लगे। जब यह घटना लड़की को पता चली तो उसने साहसिक कदम उठाते हुए दहेज लोभियों को सबक सिखाने का निर्णय लिया। उसने टेलीफोन से पुलिस में इसकी शिकायत की। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने में बुलाया। थाने में निर्भया प्रकोष्ठ के माध्यम से दोनों परिवार के लोगों की काउंसलिंग की गई। घंटो दोनों पक्षों से बातचीत हुई। अंत में लड़की ने शादी करने से मना कर दिया। लड़की के इस साहसिक कदम की हर जगह चर्चा है। सभी उसके इस कदम की सराहना कर रहे हैं।