उधम सिंह नगर- जिला उधमसिंह नगर जिले के सितारगंज के बिष्टि गांव में एक किसान ने बैंक कर्ज के चलते मौत को गले लगा लिया. जानकारी में पता चला है कि मृतक किसान के ऊपर बैंक ऑफ बड़ौदा और सहकारी समिति का करीब साढ़े आठ लाख रुपए कर्ज था। जिसके चलते वह तनाव में था और उसने ये खौफनाक कदम उठाया.
परिजनों ने बताया कि मुखत्यार सिंह (54 साल) काफी दिनों से बैंक के कर्ज को लेकर परेशान चल रहा था। आज सुबह किसान ने अपने खेत में जाकर सल्फास खा लिया। जब परिजन खेत में पहुंचे तो उन्होंने किसान को ट्युबवेल के पास बेसुध पड़ा पाया। आनन-फानन में परिजन किसान को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सितारगंज ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक मृतक किसान ने सल्फास का सेवन कर लिया था। जिससे उसकी मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज जा रहा है।
मृतक के भाई बख्सीश सिंह ने बताया कि उसके भाई की तीन बेटियां और एक बेटा है। तीनों बेटियों की शादी के लिए मृतक ने बैंक से कर्जा उठाया था। जिसके चलते मृतक मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। जिससे मजबूर होकर मुख्त्यार सिंह ने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।