जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में आतंकवादियों ने अमरनाथ यात्रा से लौट रही एक बस पर हमला कर दिया। इस हमले में 7 अमरनाथ यात्रियों की मौत हो गई और कई अन्य यात्री घायल हो गए। मरने वालो में 5 महिलाएं शामिल हैं। यह घटना अनंतनाग के बटेंगू में अंजाम दी गई। हमले में घायल हुए लोगों को अनंतनाग के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमले के बाद जम्मू हाइवे पर यातायात रोक दिया गया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने अमरनाथ यात्रियों पर हुए आतंकी हमले की पुष्टि कर दी है।
आतंकवादियों ने तीन अलग-अलग स्थानों पर अमरनाथ यात्रियों को निशाना बनया। अनंतनाग के पास बटेंगू में यात्रियों से भरी बस पर अतंकियों ने फायरिंग कर दी। हमला करने के बाद आतंकी फरार हो गए और सुरक्षाबलों ने उनकी तलाश के लिए अभियान शुरू कर दिया है।