देहरादून- मेयर विनोद चमोली समेत चार लोगों के खिलाफ सहस्रधारा रोड़ जन कल्याण समिति ने रायपुर पुलिस को तहरीर सौंपी है। लिखित शिकायत में समिति ने कहा है कि मेयर विनोद चमोली समेत नगर निगम के तीन अधिकारियों के खिलाफ हाईकोर्ट की अवमानना का मामला बनता है।
समिति के अध्यक्ष आर.के.भार्गव ने बताया कि हाईकोर्ट ने कहा था कि सितंबर 2017 तक ही नगर निगम को सहस्रधारा रोड़ स्थित ट्रांचिग ग्राउड में कूड़ा डालने की इजाजत है। उसके बाद नगर निगम को कूड़ा प्रबंधन के लिए अपना इंतजाम करना होगा। बावजूद इसके नगर निगम अब भी सहस्रधारा रोड़ वाले ट्रंचिग ग्राउड में कूड़ा डाल रहा है।
हैरानी की बात तो ये है कि उस कूड़े को जलाया भी जा रहा है जबकि खुले में कूड़े जलाने पर जुर्माने तक प्रावधान है। बावजूद इसके नगर निगम की सरपरस्ती में ये नजायज काम जारी है और निगम लापरवाह बना हुआ है। लिहाजा इससे माननीय उच्च न्यायालय की अवमानना हो रही है।
बहरहाल समिति ने अपनी तहरीर में मेयर विनोद चमोली, मुख्य नगर आयुक्त विजय कुमार जोगदंडे , नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर संजय गुंज्याल और डॉ आर के सिंह के खिलाफ थाना रायपुर में शिकायत दर्ज कराई है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही निगम ने इस कूड़े से स्थानीय जनता को निजात नहीं दिलाई गई तो समिति धरना प्रदर्शन तो करेगी ही नगर निगम की कूड़ा गाड़ियों को भी क्षेत्र मेंं नहीं घुसने देंगे।