पिथौरागढ़ : जिले के झूलाघाट में पड़ोसी देश नेपाल के कंचनपुर जिले में भंसार टीम ने भारतीय वाहन से आधा किलो सोना बरामद कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों युवक हरियाणा निवासी हैं। सोना की तस्करी कर उसे भारत लाने की योजना थी।
दरअसल, नेपाल के कंचनपुर जिले के भंसार कार्यालय गड्डा चौकी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक वाहन भारत की ओर जा रहा है। सूचना पर टीम ने वाहन को रोककर उसकी चेकिंग की। इस दौरान भंसार प्रमुख मदन लाल ने कार के अंदर रखे एक झोले से आधा किलो सोना बरामद किया।
कार सवार हरियाणा निवासी जितेंद्र शैनिक और सुरेश कुमार सोने से संबंधित कोई भी कागजात नहीं दिखा सके। मौके पर ही दोनों युवकों को अवैध रूप से सोना रखने पर गिरफ्तार किया गया। बरामद सोने की कीमत भारत में 15 लाख और नेपाल में करीब 28 लाख रुपये आंकी गई है।