ब्यूरो- उत्तराखंड की जनता चाहे गुरबत में गुजर बसर कर रही हो, संविदा की नौकरी या मनीऑडर से चूल्हा चौका चल रहा हो बावजूद इसके 14 मार्च तक आपके दर पर लखपति से लेकर करोड़पति तक हाथ जोड़े गिड़गिड़ाते नजर आएंगे।
आपको ये जानकर ताज्जुब होगा कि जो आजकल आपकी देहरी पर रट लगा रहे है कि “.. तेरे दर से न जांऊगा खाली। हकीकत में वे भरे-पूरे हैं, मकान,कार, जमीन, जायदाद. नगदी सब कुछ होने के बावजूद भी वे आपके दर पर हाथ जोड़े खड़े हैं।
आपको ये जानकर हैरत होगी कि, उत्तराखंड विधासभा चुनाव में 70 सीटों पर वोटों की गुहार लगा रहे 637 दावेदारों में से 200 उम्मीदवार करोड़पति हैं। यहां तक कि यूकेडी जैसे दल के टिकट पर वोट मांग रहे 13 दावेदार भी करोड़पति हैं। भाजपा ने 48 करोड़पतियों को अपना टिकट थमाया है। जबकि कांग्रेस ने 52 करोड़पति उम्मीदवारों पर दांव खेला है जबकि बसपा ने 19 करोड़पतियों को हाथी पर बिठाया है। बाकि 68 उम्मीदवार करोड़पति होने के बावजूद किसी दल का दिल न जीत सके या खुद ही किसी दल पर ऐतबार न कर सके, लिहाजा आजाद उम्मीदवार के तौर पर ही चुनावी जंग में उतर पड़े।
बहरहाल भाजपा के चौबट्टाखाल उम्मीदवार सतपाल महाराज सबसे ज्यादा रईस सतपाल महाराज हैं। सतपाल महाराज के दाखिल शपथपत्र के मुताबिक उनकी सम्पत्ति तकरीबन 80 करोड़ से ज्यादा मूल्य की है। जिनमे 73 करोड़ अचल और 6 करोड़ की चल संपत्ति है। मतलब सतपाल महाराज वाकई में महाराज हैं।
उत्तराखण्ड विधानसभा चुनाव 2017
सर्वाधिक संपत्ति वाले प्रत्याशी
प्रत्याशी | विधानसभा सीट | दल | कुल संपत्ति(रू0) |
सतपाल महाराज | चौबट्टाखाल | भाजपा | 80 करोड़ |
मोहन प्रसाद काला | श्रीनगर | निर्दलीय | 75 करोड़ |
शैलेंद्र मोहन सिंघल | जसपुर | भाजपा | 35 करोड़ |
राजेश शुक्ला | किच्छा | भाजपा | 25 करोड़ |
चौधरी यशवीर सिंह | खानपुर | कांग्रेस | 24 करोड़ |
कुंवर जपेंद्र सिंह उत्तराखण्डी | देहरादून कैंट | राष्ट्रीय लोक दल | 24 करोड़ |
मोहित कुमार | ऋषिकेश | निर्दलीय | 23 करोड़ |
राजीव अग्रवाल | रामनगर | बसपा | 23 करोड़ |
काज़ी मोहम्मद निज़ामुद्दीन | मंगलौर | कांग्रेस | 21 करोड़ |
सुभाष सिंह चौधरी | लक्सर | बसपा | 20 करोड़ |