चमोली- सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। कहीं सड़कों की सेहत तो कहीं वाहन चालकों की लापरवाही जान पर भारी पड़ रही है। आज सुबह पोखरी हापला मार्ग पर एक सड़क हादसे में जहां पत्नी की जान चली गई वहीं पति घायल हो गया। पुलिस की मदद से घायल पति-पत्नी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
दरअसल, आज सुबह पोखरी हापला मार्ग से पति जसवीर सिंह और पत्नी कविता देवी स्कूटी से अपने घर जा रहे थे। जानकारी के मुताबिक पत्नी कविता देवी स्कूटी चला रही थी। अचानक गाड़ी अनियंत्रित हो गई और लगभग 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को खाई से बाहर निकाला। लेकिन पत्नी कविता सिंह तबतक दम तोड़ चुकी थी। जबकि पति जसवंत सिंह गंभीर रूप से घायल था। जिसके बाद घायल जसवंत सिंह को जिला अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया। पुलिस के मुताबिक मृतका का पंचनामा तैयार कर लिया गया है। वहीं घायल जसवंत की हालत खतरे से बाहर है।