देहरादून ,संवाददाता- परिवर्तन यात्रा से पहले ही यमनोत्री विधानसभा क्षेत्र के लोगों ने कांग्रेस के एक नेता केदार सिंह के नाम पर मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने साफ तौर पर विरोध जताते हुए कहा कि यदि केदार सिंह को भाजपा की सदस्यता दी गई तो यमुनोत्री विधानसभा क्षेत्र में परिवर्तन यात्रा का पुरजोर विरोध होगा। यमुनोत्री क्षेत्र के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रणवीर सिंह राणा ने कहा कि अगर केदार सिंह भाजपा मे आए तो परिवर्तन यात्रा यमुनोत्री विधानसभा क्षेत्र में प्रतिरोध यात्रा बन जाएगी। उन्होंने बताया कि इस बाबत दागी और बाहरी लोगों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं यमुनोत्री के लोगों के विरोध को भांपते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने स्वीकार किया कि यमुनोत्री से कुछ लोगों ने केदार सिंह को भाजपा में शामिल करने का विरोध जताते हुए एक पत्र उन्हें सौंपा है उन्होंने कहा कि उस पत्र को हाईकमान को इस आशय से भेज दिया गया है कि हाईकमान भी यमुनोत्री के लोगों की भावना से अवगत हो जाए। इस मामले का अंतिम निर्णय तो हाईकमान को ही करना है।