हरिद्वार- केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल और डीजल के मूल्य में की गयी वृद्धि का विरोध देशभर में विरोध हो रहा है। हरिद्वार में कांग्रेस कार्यकर्ताओ ने चन्द्राचार्य चौक पर इकट्ठा होकर केंद्र सरकार का पुतला फूंका साथ उसके खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। इस दौरान पूर्व राज्यमंत्री संजय पालीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जनता से किये वादों को पूरा न करने का आरोप लगाया और कहा कि आज डीजल पेट्रोल की कीमतों के चरम सीमा पर होना आम आदमी को भारी पड़ रहा है। साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि आज राज्य में गरीब जनता को मिलने वाले सरकारी राशन को बंद करके गरीब आदमी के निवाले से दो वक्त की रोटी छिनने का काम किया है। वही यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव रामविशाल देव ने कहा महंगाई के कारण देश मे त्राहि मची हुई है यदि जल्द ही केंद्र सरकार जनता से अपने वादों पर खरा नही उतरते है तो 2019 के लोकसभा चुनाव में सत्ता परिवर्तन तय है।
रुड़की में भी फूंका गया सरकार का पुतला, विरोध प्रदर्शन
तो वहीं रुड़की में भी सरकार का पुतला फूंका गया. उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर पेट्रोल एवं डीजल की बेतहाशा वृद्धि एवं सरकार द्वारा बनाए गए टैक्स की वृद्धि वापस न लिए जाने के विरोध में आज कांग्रेस पदाधिकारियों ने नरेंद्र मोदी सरकार का पुतला फूंक कर अपना आक्रोश व्यक्त किया।
इस अवसर पर नगर अध्यक्ष कलीम खान ने कहा कि भाजपा सरकार महंगाई को कम करने का वादा लेकर सत्ता में आई और जनता को दुगनी महंगाई देकर देश में लूट-खसोट के तंत्र को बढ़ावा दिया है। जनता को गुमराह करना भाजपा सरकार की पहचान बन चुका है। भाजपा सरकार के वादे झूठे साबित हो रहे हैं। जनता को न्याय महंगाई से निजात एवं रोजगार देने के बजाय आतंकवादियों के आगे घुटने टेक कर देश में भय और लूट का वातावरण बनाया जा रहा है।
महिला कांग्रेस अध्यक्ष कहकशा ने कहा कि महिलाओं को रसोई से लेकर बाजार तक की हर चीज पर बढ़ती महंगाई से मुकाबला करना पड़ रहा है। साथ ही महिला सुरक्षा पर सरकार के किए गए वादे महंगाई पर नियंत्रण की तरह ही झूठा साबित हुए हैं.
सरकार तेल घोटाले को छुपा रही है। जिसमें बेतहाशा टैक्स वृद्धि एवं विदेश से आयातित क्रूड आयल के दाम के अंतर को स्पष्ट रुप से ना दिखाकर देश के साथ धोखाधड़ी की गई है। देश की जनता पेट्रोल पदार्थों के नाम पर की गई धोखाधड़ी के विरोध में करारा जवाब देगी।