हरिद्वार- धर्मनगरी में बाइक से स्टंट करने वाले युवकों की क्लास लेने के लिए पुलिस तैयार है। 25 जून से स्टंट मैन और तेज हॉर्न अपनी बाइकों में लगाने वालों के खिलाफ पुलिस अभियान चलाएगी। पुलिस गाड़ी को सीज और लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई करेगी।
हरिद्वार में स्टंट मैन और बाइकों में हाई पॉवर के हॉर्न लगाने वालों की संख्या बढ़ती जा रही है। आए दिन पुलिस इनका चालान भी करती है, लेकिन उसके बावजूद भी इनकी संख्या कम नहीं हो रही है।
इसको देखते हुए देहरादून मुख्यालय ने संज्ञान लिया है और 25 जून से इनके खिलाफ अभियान चलाने का निर्णय लिया है। मुख्यालय से पत्र हरिद्वार एसएसपी कार्यालय पहुंच चुका है। दस दिन तक यह अभियान चलेगा। इस अभियान के दौरान चालान काटे जाएंगे और स्टंट मैन के लाइसेंस निरस्त किए जाएंगे। एसएसपी कृष्ण कुमार वीके ने बताया कि अभियान चलाने के लिए यातायात पुलिस के अलावा कोतवाली और थानों को निर्देश दे दिए गए हैं।
यहां होते हैं स्टंट हरिद्वार में सबसे अधिक स्टंट भेल अस्पताल के मार्ग में होते हैं। शाम छह बजते ही काफी संख्या में बाइक सवार आ जाते और रात आठ बजे तक स्टंट करते हैं। ऐसा ही हाल उत्तरी हरिद्वार के हिल बाईपास मार्ग पर भी स्टंट करते युवाओं को देखा जा सकता है।