उत्तरकाशी। प्रदेश का उत्तरकाशी जिला चरस और अफीम की तस्करी के बाद अब नकली नोटों के सौदागरों को लेकर निशाने पर है। उत्तरकाशी पुलिस ने तीन दिन के भीतर एक लाख दस हजार के नकली नोटों के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले पुलिस ने 20 अक्टूबर को 50 हजार नकली नोटों के साथ नौगांव से बिहार के बेतियो निवासी दो युवकों को गिरफ्तार किया था। ताजा मामले में एक लाख दस हजार के नकली नोटों के साथ गिरफ्तार किए गए युवक भी बिहार के पश्चमी चंपारण जिले के बेतिया के ही रहने वाले हैं। ये दोनों आरोपी पहले पकडे गए लोगों से किसी तरह की जान पहचान से इंकार कर रहे हैं। लेकिन पुलिस को शक है कि ये सभी आरोपी एक ही गिरोह के हो सकते हैं। पुलिस इसके लिए पकड़े गए युवकों के मोबाइल की मदद ले रही है। इसके अलावा बिहार पुलिस से भी संपर्क साधा जा रहा है।