ब्यूरो- सुरा के शौकीनों की महफिलें इस महीने कुछ दिन बेनूर रहेंगी। दरअसल अंगूर की बेटी पर कुछ दिनो की बंदिश लगाई गयी है। अंगूर की बेटी की सोहबत मे पड़ कर कही मतदाताओं का मन न भटके लिहाजा शराब के शौकीनों की महिफिलों में 13 ताऱीख की शाम से जाम नहीं छलक पाएंगे।
उसकी वजह है लोकतंत्र का उत्सव। दरअसल 15 फरवरी को उत्तराखंड में मतदान होना है। लिहाजा आबकारी महकमे के मुताबिक 13 फरवरी को शाम पांच बजे से 15 फरवरी तक शराब की सभी दुकाने अनिवार्य रूप से बंद रहेंगी।
तय है कि कोई भी मदिरा की दुकान खुली पाई गयी तो उसका परमिट रद्द कर दिया जाएगा। इस संबन्ध में सभी जिलाधिकारियों को आबकारी मुख्यालय से आदेश जारी कर दिए गए हैं। जबकि आबकारी निरीक्षकों को आकस्मिक निरीक्षण के आदेश भी दिए गए हैं।