हरिद्वार- दस्यु सुंदरी एवं सांसद फूलन देवी की हत्या में दोषी (इन दिनों जमानत पर) शेर सिंह राणा के जीवन पर जल्द फिल्म बनने जा रही है। खुद शेर सिंह राणा ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि फिल्म का निर्माण प्रसिद्ध अभिनेता अजय देवगन करेंगे और वही उसकी भूमिका भी निभाएंगे।
शेर सिंह के अनुसार उसकी अजय देवगन से इस बारे में मुलाकात भी हो चुकी है। बताते चलें कि शेर सिंह हाल ही में मध्य प्रदेश के एक राजनीतिक परिवार की बेटी से शादी बातचीत को लेकर एक बार फिर से सुर्खियों में आया।
शेर सिंह राणा ने देहरादून में किया था आत्मसमर्पण
बता दें कि रुड़की के बीटीगंज निवासी शेर सिंह राणा ने 2001 में सपा सांसद एवं पूर्व दस्यु सुंदरी फूलन देवी की दिल्ली में हत्या कर दी थी। बाद में उसने देहरादून में आत्मसमर्पण कर दिया।
हत्या के आरोप में आजीवन कारावास की सजा सुनाई
17 फरवरी 2004 को वह तिहाड़ से फरार होकर अफगानिस्तान जा पहुंचा और करीब सवा दो साल बाद लौटकर आत्मसमर्पण कर दिया। फूलन हत्याकांड में दिल्ली की एक अदालत ने उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई है, लेकिन दिल्ली हाईकोर्ट ने 22 नवंबर 2016 को उसे जमानत पर रिहा कर दिया।
सूत्रों के अनुसार इस फिल्म के जरिये शेर सिंह राजनीति में भी इंट्री करना चाह रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए फिल्म को लोकसभा चनाव से पहले फिल्म रिलीज करने पर भी विचार-विमर्श हो रहा है। गौरतलब है कि शेर सिंह अपनी अगली पारी सियासी अखाड़े में शुरू करना चाहता है। पिछले दिनों उसके मध्य प्रदेश के एक राजनीतिक परिवार की बेटी से रिश्ता जोडऩे की बात सामने जा चुकी है। ऐसे में बायोपिक फिल्म को शेर सिंह की भावी राजनीतिक योजना का हिस्सा माना जा रहा है।