ताड़ीखेत(रानीखेत) : भाजपा महिला मोर्चा ने स्वयं सहायता समूह मंगल दलों के सम्मेलन के बहाने नारी शक्ति को संगठन से जोड़ने की कोशिश की। इसमें ग्रामीण विकास में स्वच्छता के साथ ही शराबबंदी पर खास जोर दिया गया।
उच्च शिक्षा मंत्री धनसिंह रावत ने विवाह और अन्य समारोह में शराब ना पिलाने वाले गांवों को एक लाख रुपए की राशि बतौर पुरस्कार दिए जाने की घोषणा की। वहीं पेयजल स्रोत,नोलों आदि की साफ सफाई के लिए हर एक महिला मंगल दल को एक-एक लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि का भी ऐलान किया।
ताड़ीखेत के सरस्वती शिशु मंदिर के मैदान में मोर्चा की जिलाध्यक्ष विमला रावत और जनपद प्रभारी गोविंद सिंह पिलखवाल की ओर से स्वयं सहायता समूह महिला मंगल दल का विशेष सम्मेलन आयोजित हुआ। इसका शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट, विशिष्ट अतिथि उच्च शिक्षा मंत्री धनसिंह रावत ने संयुक्त रुप से किया।
इस दौरान बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि कांग्रेस ने देश को तोड़ने का काम किया है, जबकि भाजपा देश को जोड़ रही है।
उन्होंने कहा कि नारी सशक्तिकरण को महिला बैंक खोले जा रहे हैं। जबकि बालिका सशक्तिकरण के लिए एमए तक मुफ्त शिक्षा और बीस लाख रुपए तक का ऋण, विदेश में शिक्षा के लिए 50 लाख तक का लोन मुहैया कराया जाएगा।