देहरादून- उत्तराखंड कैबिनेट ने लोक सेवा आयोग समीक्षा अधिकारी एवं सहायक समीक्षा अधिकारी सेवा नियमावली में संशोधन को मंजूरी दे दी है। इन पदों के लिए अब 42 साल की आयु वाले अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकेंगे। अभी तक अधिकतम आयु सीमा 35 वर्ष निर्धारित थी।
कैबिनेट ने दी नियमावली में संशोधन की स्वीकृति
उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के माध्यम से समीक्षा अधिकारी, सहायक समीक्षा अधिकारी और कंप्यूटर सहायकों की सीधी भर्ती के लिए कैबिनेट ने नियमावली में संशोधन की स्वीकृति दी है। अब पदों की संख्या बढ़ाने के साथ अधिकतम आयु सीमा में सात साल की बढ़ोतरी की गई।
सीधी भर्ती के पदों को 17 से बढ़ा कर 37 किया गया
इससे अधिक से अधिक अभ्यर्थियों को सीधी भर्ती के पदों में आवेदन करने का मौका मिलेगा। समीक्षा अधिकारी के सीधी भर्ती के पदों को 17 से बढ़ा कर 37 किया गया। इसी तरह सहायक समीक्षा अधिकारी के पद 15 से 46 व कंप्यूटर सहायक के पदों को दो से बढ़ा कर 10 किया गया।
समीक्षा अधिकारी, सहायक समीक्षा अधिकारी, कंप्यूटर सहायक पदों की सीधी भर्ती के लिए अब राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) का ‘सी’ सर्टिफिकेट को छूट का लाभ लेने को मान्य किया गया। अभी तक एनसीसी ‘ बी’ सर्टिफिकेट प्राप्त अभ्यर्थियों को ही भर्ती में अधिमान दिया जाता था। इसके साथ ही कंप्यूटर टाइपिंग टेस्ट की शर्तों में संशोधन किया है। कंप्यूटर पर हिंदी टाइपिंग के लिए न्यूनतम 4000 की-डिप्रेशन प्रति घंटा की गति होनी अनिवार्य है। जबकि अंग्रेजी टाइपिंग में 8000 की-डिप्रेशन प्रति घंटा की गति होनी चाहिए।
नियमावली में संशोधन के बाद प्रस्तावित
पदनाम पद संख्या आयु सीमा
समीक्षा अधिकारी 37 21 से 42
सहायक समीक्षा अधिकारी 46 21 से 42
कंप्यूटर सहायक 10 18 से 42